दिल्ली सरकार की मुखिया रेखा गुप्ता ने की यमुना आरती

दिल्ली:दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सचिवालय में राष्ट्रीय राजधानी की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के तुरंत बाद वासुदेव घाट पर अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ यमुना आरती की।

दिल्ली की नई सरकार के मुखिया के तौर पर रेखा गुप्ता ने आरती के दौरान कई अनुष्ठानों को पूरा किया। इस दौरान पुजारी मंत्रोच्चार भी करते रहे।

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना नदी में प्रदूषण और इसकी सफाई बड़ा चुनावी मुद्दा बन गया था। AAP संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर यमुना के अत्यधिक प्रदूषित होने को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने हमला किया था।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और अपने कैबिनेट सहयोगियों प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्रराज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह के साथ कैबिनेट की पहली बैठक से पहले ‘मां यमुना पूजा’ की।

आरती के दौरान पूरे घाट पर माहौल भक्तिमय हो गया था। इस दौरान घाट पर राम भजन बजाए गए और ‘जय श्री राम’’ और ‘यमुना मैया की जय’ के जयकारे लगाए गए।

बता दें कि कई बीजेपी नेताओं ने जीत के बाद यमुना के पुराने गौरव को लौटाने की पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई थी। सफाई अभियान के तहत खरपतवार निकालने वाली मशीनें और ड्रेजर पहले ही काम पर लगाए जा चुके हैं।

Related Articles

Back to top button