कर्नाटक में जबरन धर्म परिवर्तन के लिए महिला से रेप
तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करता था मुस्लिम दंपती, बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने को मजबूर किया

बेलगावी(कर्नाटक): बेलगावी में धर्म परिवर्तन करने को मजबूर करने के लिए रेप का मामला सामने आया है। 28 साल की एक महिला ने पुलिस ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक मुस्लिम व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सामने उसका रेप किया और उसकी तस्वीरें लीं।
इसके बाद इन तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उसे इस्लाम कबूल करने के लिए ब्लैकमेल किया। महिला ने कहा कि दंपती ने उसे बुर्का पहनने और नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दंपती समेत 7 लोगों पर FIR दर्ज की है।
2023 में दंपती के साथ रहने आई थी महिला, तब रेप हुआ
पुलिस ने कहा कि रफीक और उसकी पत्नी के कहने पर महिला 2023 में उनके घर में रहने आई। तब दोनों ने उससे कहा कि वे जो भी कहेंगे उसे करना होगा। जब तीनों साथ रहते थे, तो पिछले साल रफीक ने अपनी पत्नी के सामने उसका रेप किया।
बेलगावी के एसपी भीमाशंकर गुलेदा ने बताया कि इस साल अप्रैल में दंपती ने महिला को बुर्का पहनने, कुमकुम न लगाने और दिन में पांच वक्त की नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया। महिला का कहना है कि दंपती ने उसके लिए जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया और कहा कि वह पिछड़ी जाति से है इसलिए उसे इस्लाम कबूल करना होगा।
दंपती ने महिला से अपने पति को तलाक देने के लिए कहा
महिला ने ये भी बताया कि दंपती ने उसे अपने पति को तलाक देने के लिए कहा और धमकी दी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगी तो वह उसकी तस्वीरें लीक कर देंगे। दंपती ने उसे ये धमकी भी दी कि अगर उसने धर्म परिवर्तन नहीं किया तो उसे जान से मार देंगे।
महिला की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ सौंदत्ती पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज हुई है। उन पर कर्नाटक धर्म स्वतंत्रता अधिकार संरक्षण अधिनियम, आईटी लॉ, एससी/एसटी एक्ट और IPC के तहत बलात्कार, अपहरण, जबरन घर में बंद रखना और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है।