गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी का जनता दर्शन, 200 लोगों की शिकायतें सुनीं

बोले- गरीबों की जमीन कब्जाने वालों पर हो कार्रवाई

पीड़ितों के प्रति संवेदनशील रहने को कहाए एक महिला को घर जाने के लिए किराए की व्यवस्था भी करवाई
गोरखपुर/लखनऊ : गोरखपुर। दो दिन के दौरे पर मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर नियमित पूजा-अर्चना के बाद महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने 200 लोगों की समस्या सुनी और समाधान का आश्वासन दिया।

एक महिला ने जब अपनी समस्या बताने और समाधान का आश्वासन मिलने के बाद घर जाने के किराए दिलाने की अपील की तो मुख्यमंत्री ने उसकी अपील को गंभीरता से लेते हुए किराए की व्यवस्था भी तत्काल कराई। मुख्यमंत्री से मिली त्वरित प्रतिक्रिया से महिला भावुक हो गई और कृतज्ञता के भाव से हाथ जोड़कर थोड़ी देर खड़ी रह गई।

हुआ यह कि मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने जमीनी विवाद से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री को बताई। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही का निर्देश देते हुए महिला को भरोसा दिया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

बुधवार को आयोजित जनता दर्शन में सीएम योगी ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और सभी समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अफसरों को निर्देशित किए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गरीबों की जमीन पर यदि किसी ने कब्जा किया है तो तत्काल जमीन को कब्जा मुक्त कराने के साथ दबंगों को सबक सिखाया जाए।

अधिकारियों संग बैठक कर सीएम योगी ने की विकास कार्यों की समीक्षा
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुगम यातायात स्मार्ट सिटी की अनिवार्य शर्त होती है। इसलिए शहर में कहीं जाम न लगे। कहीं भी अवैध स्टैंड का संचालन न हो। ऐसी स्थिति मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही नाबालिग के हाथों में ऑटो या ई-रिक्शा की कमान नहीं होनी चाहिए। विकास कार्यों की नियमित निगरानी के लिए नोडल अफसर नामित किए जाएं।

मुख्यमंत्री बुधवार शाम गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। सीएम ने महानगर में सुगम यातायात के लिए स्ट्रीट वेंडर्स के व्यवस्थित पुनर्वास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोरखपुर विकास कार्यों के मामले में नई नजीर पेश कर रहा है। विकास का यह सिलसिला निर्बाध बना रहे, इसके लिए विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग अपरिहार्य है।

यह जरूरी है कि हर विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय पर पूर्ण हों। यह सुनिश्चित करने के लिए विकास परियोजनाओं की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। नोडल अधिकारी से जिलाधिकारी एक तय अवधि पर फीडबैक लेते रहें। विकास कार्यों में तेजी लाते हुए हर विकास परियोजना की समयबद्ध पूर्णता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी तय किए जाएं।

राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता वह निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए।

हर बार की भांति इस बार के जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button