मानसून की रफ्तार पर लगा ब्रेक
दिल्ली और यूपी में तापमान जाएगा 40 डिग्री के पार

नई दिल्ली पिछले सप्ताह तक उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहे मानसून (Monsoon Update) पर ब्रेक लगने के साथ ही मैदानी इलाके का मौसम फिर से गर्म होने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ और वर्षा में कमी के चलते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
अगले एक सप्ताह तक बारिश की स्थिति नहीं बनने वाली है। इसके चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, उड़ीसा एवं छत्तीसगढ़ का तापमान फिर चढ़ने लगेगा, जो मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद ही गिरेगा।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) का मानना है कि 11 जून तक उत्तर से लेकर मध्य एवं पूर्वी भारत का मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। गर्मी बढ़ जाएगी। 12 जून से मानसून फिर तेजी से आगे बढ़ना शुरू करेगा और जल्द ही बिहार, झारखंड एवं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पहुंच जाएगा।
मौसम में अनिश्चितता के बारे में विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर में पश्चिमी विक्षोभ के लगातार आते रहने के कारण पूरे देश में प्री मानसून बारिश अच्छी होती रही। अप्रैल-मई में भी गर्मी अपना असर नहीं दिखा सकी। केरल में समय से आठ दिन पहले मानसून का आगमन हो गया। इसी दौरान अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव के क्षेत्र बन जाने से मानसूनी हवाओं को आगे बढ़ने में मदद मिलती रही। ऐसे में गर्मी की अवधि सिमट गई।