कांग्रेस ने जारी की 10 उम्मीदवारों की नई लिस्ट, उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार
कन्हैया कुमार का बीजेपी उम्मीदवार मनोज तिवारी से मुकाबला,

नई दिल्ली: दिल्ली में कांग्रेस ने तीन लोकसभा सीटों के लिए आज उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने आज आम चुनाव के लिए 10 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की। इस सूची में दिल्ली की तीनों सीटों के उम्मीदवारों का नाम हैं। कन्हैया कुमार उत्तर पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। यहां उनका मुकाबला बीजेपी के उम्मीदवार मनोज तिवारी से होगा। वहीं जे.पी. अग्रवाल चांदनी चौक से चुनाव लड़ेंगे। चांदनी चौक से भाजपा उम्मीदवार प्रवीण खंडेलवाल मैदान में हैं। वहीं उदित राज उत्तर-पश्चिम दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। यहां उनका सामना बीजेपी के योगेंद्र चंदोलिया से होगा।
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली में साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के खाते में 4 और कांग्रेस के पास 3 सीटें हैं। आम आदमी पार्टी पहले ही अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। AAP ने पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली से अपने उम्मीदवार उतारे हैं। लंबे वक्त से कांग्रेस के उम्मीदवारों पर सस्पेंस बना था, वो भी आज खत्म हो गया है।
लोकसभा सीट बीजेपी उम्मीदवार इंडिया गठबंधन (कांग्रेस+ आप)
नई दिल्ली बांसुरी स्वराज सोमनाथ भारती (AAP)
चांदनी चौक प्रवीण खंडेलवाल जे.पी. अग्रवाल (Congress)
पूर्वी दिल्ली हर्ष मल्होत्रा कुलदीप कुमार (AAP)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली मनोज तिवारी कन्हैया कुमार (Congress)
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली योगेंद्र चंदोलिया उदित राज (Congress)
पश्चिमी दिल्ली कमलजीत शहरावत महाबल मिश्रा (AAP)
दक्षिणी दिल्ली रामवीर सिंह बिधूड़ी सही राम पहलनवान (AAP)
बीजेपी के खिलाफ एक साथ मैदान में AAP और कांग्रेस
दिल्ली में पहली बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक साथ लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों के बीच तय हुआ है कि आम आदमी पार्टी 4 सीट और कांग्रेस 3 सीट पर चुनाव लड़ेगी। तय फॉर्मूले के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के पास नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली , पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली की सीटें हैं। वहीं कांग्रेस को चांदनी चौक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली वाली सीटें हिस्से में आई हैं।
दिल्ली की सभी सात सीटों पर लोकसभा चुनाव के लिए 29 अप्रैल को अधिसूचना जारी होगी। पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 मई है। 7 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 9 तारीख तक पर्चा वापस लिया जा सकेगा। 25 मई को सभी सीटों पर वोटिंग होगी और 4 जून को नतीजे आएंगे।