पंजाब के Aap मंत्री बलकार सिंह की आपत्तिजनक वीडियो वायरल!

नई दिल्ली: पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के एक मंत्री बलकार सिंह का एक वीडियो वायरल होने से राज्य की सियासत में नया तूफान खड़ा हो गया है। कथित तौर पर एक वीडियो में भगवंत मान सरकार में संसदीय कार्य मंत्री बलकार सिंह आपत्तिजनक हरकत करते दिखाई दे रहे हैं। कहा जा रहा है कि एक 21 वर्षीय लड़की उनके पास नौकरी मांगने के लिए गई थी। इसके बाद मंत्री ने उस लड़की से बाद में वीडियो कॉल करने के लिए कहा। आरोप है कि इस कॉल के दौरान मंत्री बलकार सिंह ने उस लड़की को वस्त्र उतारने के लिए कहा और स्वयं भी अपने कपड़े उतारकर आपत्तिजनक हरकत करने लगे। भाजपा ने भगवंत मान सरकार से आरोपी मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने और लड़की को न्याय दिलाने की मांग की है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए, इसकी जांच कराने के लिए कहा है।

भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने अपने ट्विटर (एक्स) हैंडल पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि यह बेहद शर्मनाक बात है कि पंजाब की एक लड़की मंत्री के पास नौकरी मांगने के लिए जाती है, लेकिन उसे नौकरी देने की बजाय भगवंत मान सरकार के मंत्री के द्वारा उसे वीडियो कॉल करने के लिए कहा जाता है। आरोप है कि इस वीडियो कॉल के दौरान मंत्री ने लड़की से अपने कपड़े उतारने के लिए कहा और वे स्वयं भी अपना वस्त्र उतारकर आपत्तिजनक हरकत करने लगे। अमर उजाला इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है, न ही इस बात की कोई जानकारी है कि ये कब का है।

तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के कई नेता इसके पहले भी इसी तरह की हरकत करते हुए पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके पहले अरविंद केजरीवाल सरकार के एक मंत्री संदीप केवल राशन कार्ड बनाने के लिए एक महिला से यौन शोषण करते हुए पाए गए थे। इस तरह का वीडियो वायरल होने के बाद अरविंद केजरीवाल को अपने मंत्री को बर्खास्त करना पड़ा था। अब भगवंत मान को भी अपने मंत्री को बर्खास्त कर इस मामले की जांच करानी चाहिए। पंजाब में मतदान (एक जून) से ठीक पहले भगवंत मान सरकार के मंत्री की वीडियो वायरल होने से आप सरकार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

मंत्री बलकार सिंह पर इसी तरह के आरोप इसी साल जनवरी के महीने में भी लगे थे। अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने यह दावा किया था कि उनके पास एक वीडियो है, जिसमें मंत्री बलकार सिंह आपत्तिजनक हरकत करते हुए देखे जा सकते हैं। मजीठिया ने उक्त वीडियो को राज्यपाल और पंजाब सरकार को सौंपकर इसकी जांच कराने की मांग की थी। लेकिन कथित तौर पर सरकार इस पर सहमत नहीं हुई। इसके पहले भी भगवंत मान सरकार के एक और मंत्री लाल चंद कटा रूचक का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर वे आपत्तिजनक हरकत करते हुए देखे गए थे।

एक जून को है मतदान
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लिए एक जून को मतदान होगा। इस चुनाव के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान जमकर चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं। भाजपा के पंजाब चुनाव में मजबूती से उतरने और कांग्रेस-अकाली दल की वापसी की संभावनाओं के बीच आम आदमी पार्टी के लिए राज्य में अपनी पकड़ बनाए रखना बहुत जरूरी हो गया है। इस महत्त्वपूर्ण चुनाव के बीच भगवंत मान सरकार के एक मंत्री की वीडियो आम आदमी पार्टी के लिए मुसीबत का कारण बन सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button