हिमालयी क्षेत्र में आंधी के साथ होगी बारिश

नई दिल्ली। : मार्च का आधा महीना लगभग बीत चुका है, लेकिन उत्तर भारत के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड का सिलसिला बरकरार है। जबकि दिन के समय गर्मी का भी अहसास हो रहा है।

मौसम विभाग ने देश के मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों पर बर्फबारी की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक, 12 से 14 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में मध्यम वर्षा और बर्फबारी की संभावना है।

हिमालयी क्षेत्र के लिए IMD का अलर्ट
IMD ने बताया कि 13 और 14 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी के साथ बिजली गिरने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की वर्षा होने की संभावना है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। दिल्ली-NCR में गर्मी का अहसास होने लगा है। इस बीच IMD ने बारिश को लेकर अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को आकाश साफ रहेगा और बुधवार को दिल्ली में कुछ जगहों पर हल्की वर्षा हो सकती है।
यूपी- पंजाब समेत इन राज्यों में होगी बारिश
वहीं, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, 13 मार्च को पंजाब, उत्तरी हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में हल्की वर्षा होने की संभावना है।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में भी अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही 16 और 17 मार्च को पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार हैं।

नॉर्थ-ईस्ट में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 7 दिनों में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर में हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही 13 से 15 मार्च के बीच मिजोरम और त्रिपुरा में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button