केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह पहुंचे जौलीग्रांट
खाट पर खड़े होकर किया किसानों से संवाद

जौलीग्रांट ( देहरादून) : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने थानो न्याय पंचायत के अंतर्गत उत्तराखंड के पाववाला सोडा पंचायत में किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। केंद्रीय मंत्री ने आम के बगीचे में खाट (चारपाई) पर खड़े होकर किसानों के साथ संवाद किया। उन्होंने प्रगतिशील किसानों के साथ वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसानों के लिए कई योजनाएं चल रही है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने पाववाला सोडा में स्थित नर्सरी का अवलोकन करते हुए पौध रोपण किया। कार्यक्रम में काफी संख्या में कृषि अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार किसानों की आय को दोगुना करने और ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। मैं स्वयं किसान परिवार से हूं, किसान का दर्द जानता हूं। इसी कारण आज सीधे खेत में आकर खाट पर बैठा हूं, ताकि यह जान सकूं कि सरकार की योजनाओं का लाभ जमीन तक पहुंच रहा है या नहीं। किसानों से सीधा संवाद ही उनकी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करता है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की बताई समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को हार्टिकल्चर (बागवानी) का राष्ट्रीय हब बनाएंगी। उत्तराखंड के फल, अनाज और सब्जियों की गुणवत्ता अद्वितीय है और उनमें वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने की पूरी क्षमता है।