ओटीटी पर दस्तक देने जा रही यामी की ‘आर्टिकल 370’
आर्टिकल 370 नेटफ्लिक्स पर आ रही

बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम स्टारर फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को दर्शकों की तरफ से खूब सराहना मिली है। इसके साथ ही फिल्म में यामी के अभिनय प्रदर्शन की भी खूब तारीफ हुई है। यह फिल्म फरवरी में देश भर में रिलीज हुई थी। फिल्म ‘आर्टिकल 370’ कश्मीर में आतंकवाद के बढ़ने और इसके खिलाफ सरकार की लड़ाई पर आधारित है। दर्शक शुरुआत से ही इस फिल्म के ओटीटी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में दर्शकों का उत्साह बढ़ाते हुए फिल्म की ओटीटी रिलीज तारीख की घोषणा कर दी गई है।
यामी गौतम की फिल्म ‘आर्टिकल 370’ सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। दर्शक इस फिल्म को अब नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं। नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी है। नेटफ्लिक्स ने फिल्म का पोस्टर साझा कर लिखा, ‘अपना रिमाइंडर सेट कर लें। आर्टिकल 370 कल नेटफ्लिक्स पर आ रही है।’
‘आर्टिकल 370’ कल यानी की 19 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर दस्तक दे रही है। आदित्य सुहास और जंभाले द्वारा निर्देशित ये फिल्म राजनीतिक साजिश, राष्ट्रीय सुरक्षा और धड़कनें बढ़ा देने वाले एक्शन सीन से बुनी दर्शकों के सामने मनोरंजक कहानी पेश करती है। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है।
इस फिल्म की देश के बड़े-बड़े राजनेताओं ने भी जमकर तारीफ की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फिल्म के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था, ‘मैंने सुना है कि इस सप्ताह अनुच्छेद 370 पर एक फिल्म रिलीज होने जा रही है। यह अच्छी बात है क्योंकि इससे लोगों को सही जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी।’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपने परिवार के साथ फिल्म देखने के बाद इसकी तारीफ की थी।
आदित्य सुहास जंभाले के निर्देशन में बनी फिल्म ‘आर्टिकल 370’ पहले दिन से सिनेमाघरों में तारीफें लूटने में सफल रही है। ये फिल्म बी 62 स्टूडियो और जियो स्टूडियो के तहत लोकेश धर, आदित्य धर और ज्योति देशपांडे द्वारा निर्मित है। 23 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म में यामी गौतम के अलावा प्रियामणि, अरुण गोविल और किरण करमरकर भी अहम रोल में नजर आए हैं।