सिक्किम : लैंडस्लाइड की चपेट में भारतीय सेना के 3 जवान शहीद, 6 जवान लापता
भारत के नॉर्थ-ईस्ट के कई राज्यों में भारी बारिश

सिक्किम : भारत के सिक्किम में प्राकृतिक आपदा ने बड़ी तबाही मचाई है। इस आपदा में भारतीय सेना को भी बड़ा नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, सिक्किम के छतेन में भूस्खलन यानी कि लैंडस्लाइड की चपेट में भारतीय सेना का एक कैंप आ गया है। इस लैंडस्लाइड की चपेट में आने के कारण भारतीय सेना के 3 जवान शहीद हो गए हैं। वहीं, सेना के 6 जवान अब भी लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
दरअसल, सिक्किम में लैंडस्लाइड की ये घटना लाचेन जिले के चाटन इलाके में हुई है। एक रक्षा अधिकारी ने सोमवार को जानकारी दी है कि रविवार को शाम 7 बजे के करीब लाचेन कस्बे के पास भारी बारिश के कारण भयानक लैंडस्लाइड हुआ था। इसमें तीन सैनिक शहीद हो गए। इसके अलावा चार अन्य सैनिकों को मामूली चोटे आईं और उन्हें बचा लिया गया है। इसके अलावा 6 जवान अब भी लापता हैं।
रक्षा अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सिक्किम में लैंडस्लाइड में शहीद होने वाले सेना के जवानों की पहचान हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखड़ा के रूप में की गई है। सभी के पार्थिव शरीर बरामद कर लिए गए हैं। रेस्क्यू टीमें लापता चल रहे 6 अन्य जवानों की तलाश में अभियान चला रही हैं।
भारतीय सेना ने इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में शहीद होने वाले वीर जवानों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। सेना ने कहा है कि दुख की इस घड़ी शोक में डूबे परिवारों को जरूरी सहायता देने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। भारतीय सेना ने कहा है कि वह अपने सभी कर्मियों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता और दृढ़ है। प्रकृति के प्रकोप के बावजूद भी सेना अपनी अडिग भावना और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रदर्शन कर रही है।