अखिलेश यादव से मिलने के बाद केरल के हाजी ने निकाला जुलूस
100 लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज

कन्नौज: यूपी की कन्नौज लोकसभा से केरल के हाजी सिहाब दो दिन पहले अखिलेश यादव से मिले थे। इसके बाद वह बुधवार को कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के रसूलाबाद में रोजा इफ्तार कार्यक्रम में पहुंचे। वहां रोजा इफ्तार की अनुमति ली गई थी, लेकिन भारी संख्या में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने हाजी को लेकर जुलूस निकाला। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंची। मामले में 10 नामजद और 100 अज्ञात लोगो के खिलाफ आचार संहिता उलंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन की ये पहली कार्रवाई है।
केरल के रहने वाले हाजी दो दिन पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। इसके बाद वह कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के रसूलाबाद पहुंच गए। कयास ये लगाए जा रहे हैं अखिलेश ने मुस्लिम वोटर्स के बीच खुद की जमीन तैयार करने के लिए उन्हें लगाया है।
रसूलाबाद के रहने वाले सपा नेता हाजी फैजान खान लखनऊ हवाई अड्डे से केरल के हाजी सिहाब को रिसीव कर रसूलाबाद लेकर पहुंचे। इस बीच रोजा इफ्तार की अनुमति ली गई। रोजा इफ्तार कार्यक्रम के बाद एक कार में सवार होकर हाजी सिहाब और हाजी फैजान ने रोड शो किया। कार्यकर्ताओं की भीड़ ने जमकर नारेबाजी की। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंची और वीडियोग्राफी कराई। मामले में दरोगा चरन सिंह की तहरीर पर हाजी फैजान समेत दस नामजद और सौ अज्ञात पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई।