पूर्व राजद सांसद ने लालू के साथ कर दिया ‘खेला’
राजद को छोड़ जदयू की सदस्यता ली

पटना: भागलपुर से वर्ष 2014 में राजद के सांसद बने शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने गुरुवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी व जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बुलो मंडल को जदयू की सदस्यता दिलायी। उनके साथ राजद के करीब 50 लोगों ने भी जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
जदयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद बुलो मंडल ने कहा कि राजद अब पुराने समय की पार्टी नहीं रही। दल के अंदर आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो चुका है, इसलिए उन्होंने राजद को छोड़ जदयू की सदस्यता ली है। राजद को अब मेरी जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। जो दल का करेगा और आम लोगों की बात सुनेगा उसी के साथ हमें रहना है।
JDU में आने पर क्या बोले ललन?
जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि अति पिछड़ा समाज से आने वाले बुलो मंडल की पहचान जमीनी कार्यकर्ता की रही है। राजद की सोच कभी भी अति पिछड़ा वर्ग के प्रति नहीं रही है। वहीं, नीतीश कुमार ने अति पिछड़ा वर्ग के लिए जो काम किया उसका कोई जोड़ ही नहीं है।
‘जदयू काफी मजबूत स्थिति में है’
बुलो मंडल के जदयू में आने से भागलपुर व पूर्णिया इलाके में जदयू मजबूत होगा। जदयू के वरिष्ठ नेता व मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि अति पिछड़ा व अल्पसंख्यक समाज के लोग लगातार जदयू में शामिल हो रहे हैं। इनकी गोलबंदी जदयू के समर्थन में हो रही। यह सूचक है कि आने वाले समय में क्या होने वाला है। जदयू काफी मजबूत स्थिति में है। मुख्यमंत्री ने जो काम किए हैं उसकी सभी जगहों पर चर्चा है।
उन्होंने बताया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद चुनावी सभा में कहा है कि नीतीश कुमार ने जो काम किया है उसका श्रेय दूसरे लोग लेना चाह रहे हैं। मिलन समारोह में जदयू विधान पार्षद संजय कुमार सिंह, रवींद्र सिंह, आफाक अहमद खान, ललन सर्राफ व पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी चंदन कुमार सिंह भी मौजूद थे।