गाजियाबाद में श्रवण कावड़ मेला 2025 का हुआ भव्य शुभारंभ
दूधेश्वरनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी ने की पूजा-अर्चना

गाजियाबाद : दूधेश्वर नाथ मंदिर में रविवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उन्होंने भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक किया। इस मौके पर मंदिर के महंत नारायण गिरी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराई। मुख्यमंत्री ने मंदिर में चल रहे दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर के निर्माण का जायजा भी लिया।
इस मौके पर सदर विधायक संजीव शर्मा, सांसद अतुल गर्ग समेत पार्टी के अन्य नेता और पुलिस प्रशासन के अफसर मौजूद रहे। महंत नारायण गिरी ने पटका पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री करीब 25 मिनट तक परिसर में रहे। मंदिर से निकल कर वह सीधे पुलिस लाइन पहुंचे।
महंत नारायण गिरी ने बताया कि श्रवण कावड़ मेला 2025 का शुभारंभ मुख्यमंत्री, योगी आदित्यनाथ के द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने भगवान दूधेश्वर नाथ का विधिपूर्वक रुद्राभिषेक कर मेले की आध्यात्मिक शुरुआत की।
मंदिर में हर-हर महादेव का हुआ जयघोष
मुख्यमंत्री के पंहुचने पर हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर गुंजायमान हो उठा। हजारों श्रद्धालु, शिवभक्त, कावड़िए एवं संत महात्मा सुबह से ही मंदिर में जुटने लगे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर में पहुंचे भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रवण मास शिव भक्ति और तप का महीना है। दूधेश्वर महादेव जैसे सिद्धपीठों का पुण्य प्रभाव ही है कि यहां आकर आत्मा को शांति मिलती है। मैं भगवान दूधेश्वर से उत्तर प्रदेश की सुख-शांति, उन्नति और जनकल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गाजियाबाद का यह मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति का जीवंत स्वरूप है। उन्होंने महंत नारायण गिरी महाराज को इसके संरक्षण और आध्यात्मिक विकास के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में बनाए गए कावड़ सेवा शिविरों, स्वास्थ्य केंद्रों, शीतल जल वितरण केंद्रों, वॉलिंटियर व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम, पुलिस प्रशासन, चिकित्सा विभाग एवं दूधेश्वर सेवा समिति के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर गाजियाबाद महानगर भाजपा अध्यक्ष मयंक गोयल, विधायक संजीव शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।