राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 71 विभूतियों को प्रदान किए पद्म पुरस्कार
देश की विख्यात 96 साल की कठपुतली कलाकार को पद्मश्री

क्रिकेटर आर. अश्विन और हाकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश को भी मिला पद्म पुरस्कार
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों के एलान के बाद आज (28 अप्रैल) पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस साल 139 व्यक्तियों का चयन पद्म पुरस्कारों के लिए किया गया था, जिनमें 7 पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं। जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए किसी न किसी रुप में सेवा की है। इनमें 4 पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री पुरस्कार शामिल है। इस मौके पर 96 साल की कठपुतली कलाकार को पद्मश्री के सम्मान से नवाजा गया।
राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-I में वर्ष 2025 के लिए पद्म पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चयनित 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों में से 71 प्रमुख हस्तियों को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य की उपस्थिति में राष्ट्रपति भवन के भव्य दरबार हॉल में प्रदान किए। जबकि शेष को शीघ्र ही एक अलग समारोह में ये अलंकरण प्रदान किए जाएंगे।
सम्मानित हस्तियों में प्रमुख रुप से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुजुकी मोटर के पूर्व प्रमुख दिवंगत ओसामु सुजुकी, प्रसिद्ध गायक दिवंगत पंकज उधास और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत सुशील कुमार मोदी, वरिष्ठ अभिनेता एवं निर्देशक शेखर कपूर, एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और एआईजी हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष डी नागेश्वर रेड्डी, वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम और बलैया के नाम से पहचाने जाने वाले तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण जैसी हस्तियां शामिल हैं। जबकि 96 वर्षीय कठपुतली कलाकार भीमव्वा डोड्डाबलप्पा शिल्लेक्यथारा को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा है।