रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत आज, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

दिल्लीः एमएसपी समेत कई मांगों को लेकर किसान दिल्ली में 14 मार्च को महापंचायत कर रहे हैं। महापंचायत दिल्ली के रामलीला मैदान में होगी। महापंचायत को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है और बुधवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है।

ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा गया है कि 14 मार्च 2024 को रामलीला मैदान, जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर किसान महापंचायत होने वाली है। जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत को देखते हुए कई मार्गों पर जाम लग सकता है और कई मार्गों को डायवर्ट किया गया है। विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में किसानों के शामिल होने की उम्मीद है।

25 से 30 हजार किसान लेंगे हिस्सा!
इस महापंचायत में शामिल होने के लिए पुलिस ने करीब 5000 लोगों की ही परमिशन दी है। वहीं किसान नेताओं का दावा है कि इसमें 25 से 30 हजार किसान भाग लेंगे। इससे पहले ट्रैक्टर और ट्रॉली से दिल्ली आ रहे किसानों को रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं को पुलिस ने बंद कर दिया था। बाद में किसान और प्रशासन के बीच बनी सहमति के बाद किसान इस महापंचायत में शामिल होने के लिए बस, ट्रेन और पर्सनल गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसको देखते हुए पुलिस ने चैकसी बढ़ा दी है। वहीं किसान नेताओं का दावा है कि इस महापंचायत में कई ट्रेड यूनियन, क्षेत्रीय फेडरेशनों और असोसिएशनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

संयुक्त किसान मोर्चे की तरफ से जयकिशन आंदोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविक शाह ने एनबीटी से कहा कि यह दिल्ली की रामलीला ग्राउंड में होने वाली ऐतिहासिक महापंचायत होगी। इसमें मजदूर, किसान, छात्र संगठन, बेरोजगार लोगों की महापंचायत होगी जिसमें कई घोषणाएं की जाएंगी। सरकार की गलत नीतियों को उजागर करने के लिए इस महापंचायत को रखा गया है, जिसमें किसानों को उनकी फसलों पर एमएसपी की गारंटी हो, इसकी मांग की जाएगी। वहीं इस महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा के अंदर पड़ी फूट को भी कम करने की कोशिश की जाएगी। अभी तक संयुक्त किसान मोर्चा से भाकियू (चढूनी) का ग्रुप दूर था। उनके सहित कई और दूसरे किसान यूनियन को भी जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button