सोमवार से लागू होंगे नए नियम

वाशिंगटन :अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 देशों के लोगों के अमेरिका में दाखिल होने पर बैन लगा दिया है। इन देशों के लोग अमेरिका की यात्रा नहीं कर सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी ट्रंप ने कई देशों के लोगों पर ट्रवेल बैन लगाया था। हालांकि, बाद में इसे हटा दिया गया था। अब एक बार फिर ट्रंप ने कई देशों के लोगों के अमेरिका में घुसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। ट्रंप ने अमेरिका की सुरक्षा का हवाला देते हुए सात अन्य देशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

सोमवार से लागू होगा बैन
ट्रंप ने बुधवार रात एक घोषणा पर हस्ताक्षर करके एक दर्जन देशों के लोगों को संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश करने से रोक दिया है। इन देशों में अफगानिस्तान, बर्मा, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल हैं। इसके साथ ही बुरुंडी, क्यूबा, ​​लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला से आने वाले लोगों पर कड़े प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया है। ट्रवेल बैन सोमवार दोपहर 12 बजे से लागू होगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी घोषणा में कहा, “मुझे संयुक्त राज्य अमेरिका और उसके लोगों की राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए कार्य करना चाहिए।” ट्रंप ने 20 जनवरी को एक कार्यकारी आदेश दिया था, जिसमें राज्य और होमलैंड सुरक्षा विभागों और राष्ट्रीय खुफिया निदेशक को अमेरिका के प्रति “शत्रुतापूर्ण रवैये” पर एक रिपोर्ट तैयार करने और यह पता लगाने के लिए कहा गया था कि क्या कुछ देशों से आने वाले लोग राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा करते हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद 12 देशों पर पूर्ण बैन और 7 देशों पर कड़े नियम लागू किए गए हैं।

2017 में भी लगाया था बैन
अपने पहले कार्यकाल के दौरान, ट्रंप ने जनवरी 2017 में एक कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसमें सात मुस्लिम देशों – इराक, सीरिया, ईरान, सूडान, लीबिया, सोमालिया और यमन के नागरिकों द्वारा अमेरिका की यात्रा पर प्रतिबंध लगाया गया था। यह उनके राष्ट्रपति पद के सबसे अराजक और भ्रमित करने वाले फैसलों में से एक था। इन देशों के यात्रियों को या तो अमेरिका जाने वाली उड़ानों में चढ़ने से रोक दिया गया था या उतरने के बाद अमेरिकी हवाई अड्डों पर हिरासत में ले लिया गया था। इनमें छात्र और शिक्षक के साथ-साथ व्यवसायी, पर्यटक और दोस्तों और परिवार से मिलने वाले लोग शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button