दिल्ली के नजफगढ़ का तापमान 47.8 डिग्री, देशभर में आठ जगहों पर पारा 47 डिग्री से अधिक

चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट, उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया

नई दिल्ली: भारत के कई इलाकों में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। बेतहाशा गर्मी और लू ने देश के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिल्ली का नजफगढ़ आज भारत का सबसे गर्म शहर रहा। यहां 47.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। बता दें, नजफगढ़ में दर्ज तापमान ने इस मौसम के सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

मौसम विभाग ने जारी किया रेड और ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी की आशंका जताई है। आईएमडी ने दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने लोगों को बुजुर्गों और बच्चों का अधिक ख्याल रखने के लिए कहा है। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों वाले लोगों के लिए चिंता जाहिर की है।

यह है देश के सबसे गर्म शहर
देश भर के करीब आठ शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नजफगढ़ में 47.8 डिग्री, पीतमपुरा में 47 डिग्री, मुंगेशपुर में 47.7 डिग्री दर्ज किया गया है।

तीनों शहर दिल्ली में ही हैं। इसके अलावा, तापमान राजस्थान के गंगानगर में 46.7 डिग्री, मध्य प्रदेश के दतिया में 47.5 डिग्री, पंजाब के बठिंडा में 46.4 डिग्री, हरियाणा के सिरसा में 47 डिग्री और नूंह में 47.2 डिग्री, आगरा में 47.7 डिग्री और उत्तर प्रदेश के झांसी में 47.2 डिग्री तक पहुंच गया।

हिमाचल के शहरों में भी गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड
यहां तक की हिमाचल प्रदेश के हिल स्टेशन भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। धर्मशाला में अधिकतम तापमान- 36 डिग्री, ऊना में 44 डिग्री, बिलासपुर में 42.4 डिग्री, सोलन में 36.6 डिग्री और कांगड़ा में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button