कन्नौज में महिला का अर्द्ध नग्न शव बरामद
लाश पर नहीं थे आधे कपड़े, कई जगह चोट, टूटीं थीं चूड़ियां

कन्नौज : गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला घर से खेत जाने की बात कहकर निकली महिला का रविवार को शव मिला। शरीर व चेहरे पर कई जगह चोटों के निशान मिले और आधे कपड़े भी नहीं हैं। इससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका लगाई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।
वहीं, हत्यारों का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड भी पहुंचा। उधर, मृतका की ननद ने गांव के अमरपाल और ग्राम मडिया निवासी वीरपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि पहले दुष्कर्म किया और फिर हत्या कर दी। अमरपाल पुलिस की हिरासत में है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला (40) शनिवार शाम को छह बजे मक्का के खेत में खाद डालने व पानी लगाने की बात कहकर गईं थीं। देर रात तक नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। सुबह खेत में शव पड़ा मिला।
चूड़ियां टूटीं थीं और खून भी पड़ा था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले व हत्यारों से झगड़ा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी विनोद कुमार, सीओ सिटी कमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने पूरे मक्का के खेत की छानबीन की, लेकिन महिला की साड़ी और मोबाइल फोन घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर सूखे तालाब में मिला।
तालाब में एक शर्ट भी मिली है, जिसमें खून के निशान है। दुष्कर्म की आशंका होने पर पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
पति की मौत के बाद भांजे से की थी कोर्ट मैरिज
महिला के पति की दो साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उसने ननद के बेटे के साथ कोर्ट मैरिज कर ली थी। ननद का बेटा मूल रूप से तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है और वर्तमान में गुजरात के सूरत में प्राइवेट में नौकरी कर रहा है। महिला गांव में तीन बच्चों और छोटी ननद के साथ रह रही थी। उसके पास पांच बीघा खेती थी।
तीन मासूम बच्चे हो अनाथ
महिला की हत्या के बाद उसके तीन बच्चे बेटी (9), बेटी (7) और बेटा (5) अनाथ हो गए हैं। बच्चों ने बताया कि मम्मी शाम को खेत में पानी लगाने के लिए गईं थीं। शाम को बुआ से फोन पर बात भी हुई थी। सुबह तक मोबाइल पर घंटी जाती रही पर रिसीव नहीं हुआ। खेत में मां का शव देख बच्चे व्याकुल हो रहे थे, तो बुआ ने उनको सांत्वना दी।