नॉर्थ ईस्ट में बारिश से भारी तबाही

सिक्किम : नॉर्थ ईस्ट में भारी बारिश के चलते सभी राज्यों में भारी नुकसान हुआ है। सिक्किम में लगातार बारिश और भूस्खलन से बाधित मुख्य सड़क की वजह से शनिवार को उत्तरी सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 500 पर्यटक फंस गए जबकि आठ लापता हैं। वहीं, मेघालय में शनिवार को भारी बारिश के कारण बिजली गिरने से दो लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की डूबने से मौत हो गई। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम में भारी बारिश के कारण लापता आठ पर्यटकों की तलाश बाधित हुई और तीस्ता नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद अंततः इसे बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की रात मंगन जिले में तीस्ता नदी में एक वाहन के गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, दो अन्य घायल हो गए जबकि आठ लापता हो गए। लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुन्सिथांग के पास यह वाहन 1,000 फुट से अधिक गहराई में नदी में गिर गया।
सिक्किम में पर्यटक फंसे
एक अधिकारी ने बताया कि चुंगथांग को लाचेन और लाचुंग से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थान स्थानों पर भूस्खलन की घटना हुई, जिसके कारण उत्तरी सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 500 पर्यटक फंस गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आज कोई पर्यटक परमिट जारी नहीं किया गया है और कल भी उत्तरी सिक्किम जाने के लिए परमिट जारी नहीं किया जाएगा।’’ अधिकारी ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ गया है तथा आने वाले दिनों में इलाके में भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा के भुवनेश्वर में अधिकारियों ने बताया कि तीस्ता नदी में गिरे पर्यटक वाहन में सवार कुछ लोग उनके राज्य के थे।
मेघालय में बिजली गिरने से दो लड़कियों की मौत
मेघालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘पश्चिमी गारो पहाड़ी जिले में बिजली गिरने से दो लड़कियों की मौत हो गई, तथा री-भोई जिले में एक व्यक्ति डूब गया।’’ मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। अधिकारियों ने बताया कि गत तीन दिनों में राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया, ‘‘भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब 1,100 गांवों में से 49 गांव प्रभावित हुए हैं।’’
गुवाहाटी भूस्खलन
मिजोरम में पांच लोगों की मौत
मिजोरम में शनिवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में मकान ढहने से म्यांमा के तीन शरणार्थियों समेत चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस मानसून में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। उन्होंने बताया कि पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले में म्यांमा सीमा के पास वाफाई गांव में शनिवार तड़के हुए भीषण भूस्खलन में म्यांमा के एक परिवार के 34 से 71 वर्ष की आयु के तीन लोगों की मौत हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी देश में सैन्य तख्तापलट के बाद 2021 से ही परिवार गांव में शरण लिए हुए था, घायल व्यक्ति को फरकॉन के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
मिजोरम में भूस्खलन की कई घटनाएं
राज्य की राजधानी आइजोल से लगभग 114 किलोमीटर दूर सेरछिप जिले में शनिवार को एक अलग घटना में भूस्खलन के कारण एक मकान ढह जाने से 53 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि पीड़ित ने सेरछिप जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। शुक्रवार को आइजोल के थुआम्पुई इलाके में एक मजदूर शिविर पर दीवार गिरने से 37 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। मिजोरम में शुक्रवार से भारी बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं हुई हैं।
अरुणाचल में 9 लोगों की मौत
अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पूर्वी कामेंग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 13 के बाना-सेप्पा खंड पर शुक्रवार देर रात भूस्खलन के कारण एक वाहन के सड़क से बह जाने से दो परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। पूर्वी कामेंग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कामदम सिकोम ने बताया कि वाहन बिचोम जिले के बाना से सेप्पा जा रहा था, तभी भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आकर वाहन गहरी खाई में जा गिरा।