UP कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग में मनोज यादव प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त
राष्ट्रीय महासचिव ने जारी किया आदेश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग का प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव को बनाया गया है। शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आदेश जारी कर दिया है। मनोज यादव सामाजिक न्याय के मुद्दे को लेकर निरंतर आंदोलन चला रहे थे, जिसकी वजह से उन्हें दोबारा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र आंदोलन से निकले और गाजीपुर के मूल निवासी मनोज यादव पहले भी कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान विभिन्न स्थानों पर अति पिछड़े वर्ग की जातियों के अलग-अलग सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसके सकारात्मक परिणाम मिले। वह छात्रों और युवाओं की विभिन्न समस्याओं और आरक्षण से जुड़े मुद्दे को लेकर निरंतर आंदोलन चलाते रहे हैं।
दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई
पिछले दिनों कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों को भंग कर दिया गया था। ऐसे में पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष का पद भी रिक्त घोषित कर दिया गया था, लेकिन शनिवार को मनोज यादव को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई।
राहुल और प्रियंका के एजेंडे को गांव-गांव लागू कराएंगे
मनोज यादव ने बताया कि अभी वह दिल्ली में हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद से आशीर्वाद लेकर लखनऊ लौटेंगे। जल्द ही प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर नए सिरे से कार्यभार ग्रहण करेंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के एजेंडे को गांव-गांव लागू कराएंगे।