दो बच्चों के साथ पत्नी और सास को मार डाला

हत्यारे का रूप देख दो बच्चों ने अपनी जान बचाई

मधुबनी/दरभंगा(बिहार): दरभंगा में एक बार फिर परिवारजनों की हत्या का मामला सामने आया है। हत्यारे ने अपनी पत्नी और सास के साथ अपने दो बच्चों की जान ले ली। दो बच्चों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। वारदात मधुबनी जिले में शनिवार सुबह सामने आई।

मधुबनी में एक निर्दयी युवक ने अपनी पत्नी, सास और दो मासूम बच्चों की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही लोगों की उमड़ी भीड़ को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर कर कैंप कर रही है। हत्यारे का यह रूप देखकर दो बच्चों ने कंबल में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना झंझारपुर थाना क्षेत्र के सुखेत गांव की है। पुलिस हत्यारे को अबतक पकड़ नहीं सकी है। पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। हत्या की वजह अभी सामने नहीं आयी है। हत्या का आरोपी दरभंगा के सदतपुर थाना के अवाम गांव का निवासी बताया जाता है। उसने ससुराल में इस घटना को अंजाम दिया।

दोनों बच्चे बेड के नीचे कंबल में छिप गए, तब बची जान
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही डीएसपी पवन कुमार, इंस्पेक्टर बी के ब्रजेश, थानाध्यक्ष रंजित कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की छानबीन शुरू कर दी है। नृशंस हत्या कांड के दौरान की एक बड़ी बात सामने आ रही है। हत्याकांड के वक्त दो और मासूम घर में मौजूद थे।

इन दोनों ने अपनी सूझबूझ से जान बचा ली। वारदात के दौरान दोनों मासूम बच्चे बेड के नीचे कंबल में छिप गए। हत्यारे को यह दोनों नहीं दिखे। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने दोनों को बाहर निकाला। दोनों ने जो खुलासा किया वह हैरान करने वाला था।

दोनों ने कहा कि उनके फूफा ने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर बुआ, दादी और दोनों फुफेरी बहनों को मार दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। झंझारपुर डीएसपी पवन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बच्चों सहित सभी लोगों का बयान दर्ज किया जा रहा है। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी होगी।

Related Articles

Back to top button