लोकसभा चुनाव में चौथे चरण के चुनाव प्रचार थम गया

10 राज्यों की 96 सीटों पर 1717 प्रत्याशी चुनावी मैदान में

नई दिल्ली : आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीट पर 13 मई को चौथे चरण के होने लिए चुनाव के लिए शनिवार शाम को प्रचार अभियान समाप्त हो गया। आंध्र प्रदेश में 13 मई को सभी 25 लोकसभा सीट पर और सभी 175 विधानसभा सीट पर भी चुनाव हैं। लोकसभा चुनाव के इस चौथे चरण में आरक्षण, तुष्टिकरण नीति, भ्रष्टाचार और रोजगार जैसे मुद्दे चुनाव प्रचार में छाए रहे।

इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला
इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (कन्नौज- उप्र), केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (बेगूसराय-बिहार) और नित्यानंद राय (उजियारपुर-बिहार), कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी (बहरामपुर-पश्चिम बंगाल), भाजपा की पंकजा मुंडे (बीड – महाराष्ट्र) , एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (हैदराबाद-तेलंगाना) और आंध्र प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाई एस शर्मिला (कडपा) चुनाव मैदान में हैं। केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा खीरी (उप्र) सीट से हैट्रिक बनाने की जुगत में हैं। उनका बेटा 2021 के लखीमपुरी हिंसा कांड में आरोपी है। तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा भी पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से फिर संसद पहुंचने के प्रयास में लगी हुई हैं। उन्हें प्रश्न पूछने के बदले नकद लेने के मामले में लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था।

चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की इन सीटों पर होगी वोटिंग
चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13, बंगाल की आठ, बिहार की पांच, महाराष्ट्र की 11, मध्य प्रदेश की आठ, झारखंड की चार, ओडिशा की चार, जम्मू-कश्मीर की एक सीट और तेलंगाना व आंध्र प्रदेश की सभी सीटों क्रमश: 17 व 25 पर वोटिंग होगी।

इन 96 सीटों में से 40 से अधिक सीटों पर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के सांसद हैं। उप्र में शाहजहांपुर, खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर और बहराइच में मतदान होगा। पिछले चुनाव में ये सभी सीटें भाजपा के पास थीं।

इन जगहों पर होगी वोटिंग
इस चरण में मध्य प्रदेश की देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन और खंडवा सीटों पर वोट पड़ेगा, तो बिहार में दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर और झारखंड में सिंहभूमि, खूंटी, लोहरदगा और पलामू सीटों पर मतदान होगा।

बंगाल की बहरामपुर, कृष्णानगर, राणाघाट, बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर, बर्धमान पुरबा और बीरभूम के साथ जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर सीट पर चुनाव होंगे। ओडिशा में कालाहांडी, नबरंगपुर, बेरहामपुर और कोरापुट सीटों पर प्रत्याशियों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा।

महाराष्ट्र में इसी चरण में मतदान होगा
महाराष्ट्र में नंदुरबार, जलगांव, रावेर, जालना, औरंगाबाद, मावल, पुणे, शिरूर, अहमदनगर, शिरडी और बीड में इसी चरण में मतदान होना है। जालना से भाजपा के केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे और शिरूर से राकांपा (सपा) के अभिनेता अमोल कोल्हे चुनाव मैदान में हैं। आंध्र प्रदेश में 175 विधानसभा सीटों पर एक साथ मतदान होगा।

सात चरणों में हो रहे चुनाव
विदित हो कि इस बार सात चरणों में हो रहे चुनाव में 19 अप्रैल को मतदान के पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 102 निर्वाचन क्षेत्रों को कवर किया गया। 26 अप्रैल को हुए दूसरे चरण में 13 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 89 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ। तीसरे चरण में 11 राज्यों के 93 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button