कानपुर कृषि विश्वविद्यालय अवार्ड, लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार
36वें वार्षिक पुरस्कार समारोह में सीएसए के वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया

कानपुर : उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के 36 वें वार्षिक पुरस्कार समारोह में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के विज्ञानियों का डंका बजा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजित समारोह में सीएसए को प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ कृषि विवि अवार्ड से सम्मानित किया। विश्वविद्यालय के पांच विज्ञानियों और कृषि विज्ञान केंद्र को भी पुरस्कृत किया गया है। कुलपति डा. आनंद कुमार सिंह को आनरेरी फेलो 2024 और निदेशक प्रसार डा. आरके यादव को सर्वश्रेष्ठ विज्ञानी व लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया है।
लखनऊ स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान में आयोजित उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के 36वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर कृषि विज्ञानियों को सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उत्तर प्रदेश कृषि अकादमिक समिति के अनुमोदन के बाद दिया जाता है। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विज्ञानियों को सम्मानित किया।
सीएसए से सम्मान प्राप्त करने वाले अन्य विज्ञानियों में डा. पीके सिंह को फसल विज्ञान में, डा. वीके त्रिपाठी को उद्यान विज्ञान एवं फेलो उद्यानिकी पुरस्कार प्रदान किया गया। विश्वविद़्यालय के अनुवांशिकीय एवं पादप प्रजनन की डा. श्वेता यादव को बेस्ट टीचर अवार्ड दिया गया है।
सीएसए के मीडिया प्रभारी डा. खलील खान के अनुसार उपरोक्त विज्ञानी पुरस्कारों के अलावा कृषि विज्ञान केंद्र श्रेणी में सीएसए के लखीमपुर खीरी कृषि विज्ञान केंद्र को उत्कृष्ट गतिविधियों के लिए सम्मानित किया गया है। कुलपति डा. आनंद कुमार सिंह ने एक साथ इतने पुरस्कार मिलने को विश्वविद्यालय की स्थापित श्रेष्ठ परंपरा की देन बताया है। प्रदेशस्तर पर सीएसए को आठ अवार्ड मिले हैं।