‘संविधान बदलने की बात कर गुमराह कर रहा विपक्ष : नितिन गडकरी

कांग्रेस ने खुद 80 बार किया बदलाव

नई दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी वैसे तो राजनीति से अधिक देश के बुनियादी ढांचे के विकास के बारे में बात करना पसंद करते हैं, मगर सियासी सवालों के भी तीखे जवाब देते हैं।

भाजपा पर संविधान बदलने के आरोपों पर कहते हैं कि विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है…उसने तो खुद 80 बार बदलाव कर संविधान तोड़ने का पाप किया है।

विपक्ष कह रहा है, भाजपा संविधान बदलना चाहती है?
विपक्ष अल्पसंख्यकों और दलितों को गुमराह करने के लिए झूठा प्रचार कर रहा है। पर, वे इसमें सफल नहीं होंगे। केशवानंद भारती केस में सुप्रीम कोर्ट के 7 न्यायाधीशों ने फैसला दिया है कि संविधान के मूल ढांचे को बदल नहीं सकते। संविधान बदलने की बात वह कांग्रेस कर रही है, जिसने 80 बार बदलाव कर संविधान को तोड़ने का पाप किया है।

पीएम मोदी ने 400 पार का नारा दिया है। क्या यह संभव है?
बिल्कुल संभव है। हवा देखकर लग रहा है कि भाजपा 370 सीट जीतेगी और एनडीए के घटक दल 30 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेंगे। कर्नाटक में तो हम जीतेंगे ही। साथ ही, दक्षिण भारत में भी एनडीए को सफलता मिलेगी। हमें बहुत अच्छा जनादेश मिलेगा। नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।

आजादी के 100 साल पर बुनियादी ढांचा कैसा होगा?
बुनियादी ढांचे में बदलाव से विकास को गति मिलेगी। हम इस दिशा में काम कर रहे हैं और आगे का लक्ष्य निर्धारित कर रहे हैं। हम रोपवे, केबल कार बना रहे हैं। बिजली से सार्वजनिक परिवहन चला रहे हैं। अधिक से अधिक शहरों में इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने का प्रयास हैं। आने वाले दिनों में मेट्रो ट्रेनों का विस्तार होगा। हम भारत में हाइपर-लूप तकनीक का आगमन भी देखेंगे। हम ग्रीन-वे बना रहे हैं। हमने कहा था कि दिसंबर, 2024 तक देश के राष्ट्रीय महामार्ग अमेरिका के बराबर होगे।

अगले पांच सालों में भारतीय ऑटो इंडस्ट्री कैसी होगी?
ऑटो इंडस्ट्री को अभी सातवें स्थान से तीसरे स्थान पर लाए हैं। चीन और अमेरिका को पीछे छोड़कर पांच साल में नंबर वन होंगे। हम कह सकते हैं कि अगले पांच साल में क्रांतिकारी बदलाव होंगे और देश सशक्त बनेगा।

महाराष्ट्र सहित देशभर में हमारे 10 साल के काम का अच्छा परिणाम मिलेगा। भाजपा के साथ शिवसेना (शिंदे गुट), एनसीपी (अजित गुट) का ट्रिपल इंजन होने से एनडीए की ताकत बढ़ेगी और महाराष्ट्र में शानदार जीत मिलेगी। जहां तक शिवसेना की बात है, उसके ज्यादातर विधायक और कार्यकर्ता एकनाथ शिंदे के साथ हैं, तो स्वाभाविक रूप से वही असली शिवसेना है। हमें विश्वास है कि इस बार बारामती में भी एनडीए जीतेंगी।

विपक्ष कह रहा है कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है?
देखिए, एजेंसी अपना काम करती है। हम इसमें हस्तक्षेप नहीं करते। कोई केस बनता है, तो कार्रवाई होती है। किसी को लगता है कि उन्हें परेशान किया जा रहा है, तो वह हाईकोर्ट में जाकर अपील कर सकता है।

क्या नागपुर बदल रहा है? मतदाताओं से क्या कहेंगे?
नागपुर के विकास के लिए पिछले 10 वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम हुआ हैं। आप देखेंगे कि यह दुनिया के सबसे अच्छे शहरों में से एक होगा। मैं मतदाताओं से अनुरोध कर रहा हूं कि मुझे पांच लाख वोटों के अंतर से निर्वाचित करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button