ऐतिहासिक वोटों से बीजेपी को हारने जा रही…….बिना नाम लिए अखिलेश का तंज

कानपुर/कन्नौज: कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा तंज किया। अखिलेश ने बिना नाम लिए कहा कि कन्नौज के बारे में वो भी जानते हैं कि यहां कुछ हासिल नहीं होने वाला है। इसलिए कन्नी काटकर किनारे से निकल गए।
बोर्डिग ग्राउंड पर उतरने के बाद अखिलेश ने गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक किया और पूर्व एमएलसी पुष्पराज जैन से जाकर मिले। मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि समुद्र मंथन की तरह ये चुनाव संविधान मंथन है। एक तरफ संविधान के रक्षक हैं, तो दूसरी तरफ संविधान भक्षक हैं। संविधान भक्षकों को इस बार जनता नकार रही है।
मैनपुरी में महाराणा प्रताप प्रतिमा विवाद मुद्दों से भटकाने के लिए भाजपा की साजिश है। बहुजन समाज पार्टी को वोट न दें, उन्हें वोट देना अपना वोट खराब करना है, क्योंकि वह बीजेपी का साथ दे रहे हैं।
एक रिटायर्ड आईएएस अफसर पर दूसरे अफसरों को दबाव में लेने का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह अफसर फोन कर सपा नेताओं को जेल भेजने और भाजपा को जिताने के लिए दबाव बना रहा है। चुनाव आयोग ऐसे लोगों पर ऐक्शन ले।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव बाद हर सपा कार्यालय में संविधान का मंदिर बनाया जाएगा। जब पहलवान हारता है, तो सब जानते हैं, क्या करता है। पहलवान नोचता और काटने के लिए दौड़ता भी है, वही ये भी कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज हमेशा इतिहास बनाता है। इस बार कन्नौज की जनता न सिर्फ जिताने जा रही है, बल्कि ऐतिहासिक वोटों से बीजेपी को हारने जा रही है। जनता अब झूठे वादों पर सच्चे सवाल पूछ रही है।