लोकसभा चुनाव 24ः राजनाथ सिंह ने कहा- ‘राहुल गांधी राजनीति में फिनिशर हैं!
अंतर्राष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा और कद बढ़ा

सिंगरौली(मध्यप्रदेश): बीजेपी ने लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी के तहत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को सिंगरौली और सीधी में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जीत का जोश भरा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वो करती है। आज अयोध्या की धरती पर भव्य राम मंदिर बन गया है। रामलला अपनी कुटिया से निकलकर महल पहुंच चुके हैं। अब राम राज्य आने की शुरुआत हो चुकी है। राजनाथ सिंह ने ये भी कहा कि जब से मोदी जी भारत के प्रधानमंत्री बने हैं। अंतर्राष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा और कद बढ़ा है।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना महेंद्र सिंह धोनी से करते हुए हुए कहा कि धोनी की तरह वह भी मैच को जल्दी खत्म करने में माहिर हैं। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक चुनाव प्रचार रैली में अपने संबोधन में पूर्व भाजपा अध्यक्ष सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार के साथ अटूट रिश्ता है।
वहीं, सिंगरौली में रक्षा मंत्री ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे देश मजबूत होगा। जनता अपने वोट का बेहतर इस्तेमाल कर सकेगी। खरीद-फरोख्त रोकने का भी यही उपाय है, देश में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ होना चाहिए।
कांग्रेस, लोगों को डराकर उनके बीच नफरत पैदा करती है
रक्षा मंत्री ने कहा, मैं देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारे देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। कांग्रेस सरकार के दौरान किसी न किसी राज्य में आतंकवादी घटनाएं होती रहती थीं। कांग्रेस और उसके सहयोगियों दलों के नेता लोगों को डराकर उनके बीच नफरत पैदा करते हैं। भाजपा कभी भी जाति, धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करती, बल्कि हम न्याय और मानवता की राजनीति करने वाले लोग हैं।